रेवाड़ी। श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से आयोजित सर्वजातीय विवाह समारोह में 17 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। ट्रस्ट की ओर से जांच के बाद इन जोड़ों को मापदंडों पर खरा पाया गया। मॉडल टाउन स्थित हिंदू हाई स्कूल में 14 जनवरी मकर संक्रांति पर होने वाले इस समारोह के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
विधायक लक्ष्मण यादव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से यह 23 वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। अभी तक ट्रस्ट 503 जोड़ों का विवाह करा चुका है।
इस बार विवाह के लिए 26 जोड़ों ने आवेदन किया था किंतु इनमें से 17 जोड़ों के आवेदन ही सही पाए गए। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के चेयरमैन रामकिशन गंडाला वालों के मार्गदर्शन में ट्रस्ट के सदस्य तैयारियां को अंतिम रूप देने लगे हैं। 14 जनवरी को सभी जोड़ों का सनातन परंपरा के अनुसार पूर्ण रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया जाएगा।
समारोह में समाजसेवी राहुल यादव दीप प्रज्वलित करेंगे तथा जुगनू गोयल माल्यार्पण करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्षा वंदना पोपली, बीएमजी ग्रुप के चेयरमैन राधेश्याम गुप्ता, समाजसेवी विकास गर्ग, ब्लाक समिति चेयरमैन प्रदीप बाम्बड, समाजसेवी रमेश सचदेवा व हरिसिंह सैनी शामिल होगे।
ट्रस्ट के सचिव शरद गोयल ने नगर के सभी नागरिकों से अपील की है कि सभी के पास व्यक्तिगत निमंत्रण पहुंचाना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर वर वधु को अपना आशीर्वाद दें तथा प्रसाद ग्रहण करें।