नियम 134-ए के तहत जरूरतमंद बच्चों के मुफ्त दाखिला देने में निजी स्कूल हिचकिचा रहे हैं। अब तक जिले में मात्र 139 निजी स्कूलों द्वारा अपने यहां खाली सीटों का ब्योरा दिया गया है, जबकि जिले में स्थायी मान्यता प्राप्त 241 निजी स्कूल हैं। इन 139 निजी स्कूलों ने 4742 सीटों का ब्योरा दिया है, जबकि बाकी निजी स्कूल अब भी सीटों का ब्योरा देने से हिचकिचा रहे हैं। हालांकि कई निजी स्कूल संचालकों ने साइट नहीं चलने व अन्य तकनीकी शिकायतें भी की हैं, लेकिन 102 निजी स्कूल संचालकों का ऑनलाइन सीटों का ब्योरा नहीं देना सवाल खड़े कर रहा है।
सीटों की संख्या देने की अंतिम तारीख 17 अक्तूबर थी, लेकिन निजी स्कूलों द्वारा समय पर सूचना नहीं दिए जाने पर अब इसकी तारीख बढ़ाकर 20 अक्तूबर कर दी गई है। 20 तारीख के बाद ही अब शिक्षा विभाग इन सीटों की वेरिफिकेशन का काम करेगा। 134 ए के तहत प्रदेश में 24 अक्तूबर से 7 नवंबर तक दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाने हैं। 11 नवंबर को बच्चों की सूची तैयार की जाएगी। 14 नवंबर को असेसमेंट टेस्ट का शेड्यूल निर्धारित किया गया है। 19 नवंबर तक रिजल्ट तैयार होगा और 24 नवंबर को ड्रा निकाला जाएगा। 26 नवंबर से 8 दिसंबर तक दाखिले होंगे।
दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज
विद्यार्थी व अभिभावक का आधार कार्ड।
बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र।
बीपीएल कार्ड या 2 लाख रुपये से कम का न्यूनतम आय प्रमाणपत्र
मूल निवास प्रमाणपत्र।
बच्चा जिस स्कूल में पढ़ रहा है उस स्कूल से बच्चे का एसआरएन नंबर।
जिस स्कूल में बच्चा पहले से पढ़ रहा है उस स्कूल का यूडीआईएसई कोड भी आवश्यक है। यह आप स्कूल से या फिर बीईओ ऑफिस में लगी स्कूल की वैकेंसी लिस्ट वाले पेज में भी देख सकते हैं।
फॉर्म भरते हुए अभिभावक का मोबाइल नंबर होना चाहिए, क्योंकि फॉर्म भरते हुए मोबाइल पर ओटीपी आता है जो फॉर्म में भरना होगा।
अगर बच्चा सरकारी स्कूल में पढ़ता है तो उसकी अंक तालिका।
सभी स्कूलों के लिए 134 ए के तहत खाली सीटें पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य है। जिन स्कूलों ने रिक्त सीटों की जानकारी नहीं दी है, उनको नोटिस जारी किए जाएंगे। राजेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी।