डायल 112 पर आई कॉल के बाद मदद के लिए पैंतावास कलां पहुंची पुलिस टीम के सामने ही दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई, जिसमें पुलिस एसआई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं, सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में सात नामजद समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। यह घटना शुक्रवार रात करीब नौ बजे की है।
जानकारी के अनुसार दादरी-भिवानी रोड पर डायल 112 के तहत मिली इनोवा पर तैनात पुलिस टीम के समक्ष पंचकूला से रात 8ः43 पर एक सूचना पहुंची थी। पुलिस टीम को जानकारी मिली थी कि पैंतावास कलां निवासी नरेश को मारने के लिए कुछ लोग उसके पीछे घुम रहे हैं।
इस आधार पर पुलिस टीम एसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में वहां पहुंची। पुलिस ने गांव में पहुंचने के बाद कुछग्रामीणों से बातचीत की तो पता चला कि चौक में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम चौक में पहुंची तो वो दो पक्ष झगड़ा करते मिले। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों के लोगों से शांति अपनाते हुए झगड़ा बंद करने की अपील की, लेकिन उक्त लोगों ने विवाद जारी रखा।
इस दौरान दोनों पक्षों में पत्थरबाजी भी हुई और टीम इंचार्ज एसआई महेंद्र सिंह सिर में पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। लहुलूहान हालत में उपचार के लिए उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने घायल एसआई के बयान पर इस संबंध में सात नामजद समेत चार-पांच अन्य के खिलाफ धारा 147, 129, 186, 332 व 353 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि दोनों पक्षों में हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों को चोटें लगने के कयास भी लगाए जा रहे हैं, हालांकि शनिवार सुबह तक उनमें से कोई उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल नहीं पहुंचा।
सूचना मिलने के बाद आठ मिनट के अंदर मौके पर पहुंची पुलिस
शुक्रवार रात 8ः43 पर डायल 112 के तहत मिली इनोवा पर तैनात पुलिस टीम को पंचकूला से पैंतावास कलां में हुए झगड़े की सूचना मिली थी। इसके आठ मिनट बाद ही पुलिस टीम गांव में पहुंच गई। गांव में प्रवेश करते ही टीम को मिले ग्रामीणों ने झगड़े की लोकेशन बताई और इसके तुरंत बाद पुलिस टीम वहां पहुंच गई।
पुलिस ने इस संबंध में नरेश, संदीप, संजय, रवि, संदीप, जयसिंह व हसन समेत चार-पांच अन्य के खिलाफ धारा 147, 129, 186, 332 व 353 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही पुलिस अगली कार्रवाई अमल में लाएगी। -अनिल कपूर, एसआई एवं जांच अधिकारी, सदर थाना