गांव बाबरपुर के पास जीटी रोड पर एक पिकअप ने साइकिल सवार प्रवासी को कुचल दिया। उसकी मौत हो गई। प्रवासी युवक फैक्टरी से काम कर अपने कमरे पर लौट रहा था। आरोपी पिकअप चालक वहां से फरार हो गया। हादसा मृतक युवक के दोस्त की आंखों के सामने हुआ। सदर थाना पुलिस ने मृतक के दोस्त के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बिहार के दरभंगा जिले के गांव पाली निवासी गुड्डू झा ने बताया कि वह हाल में बड़ौली गांव में किराए पर रहता है। उसका दोस्त गांव मदारी, जिला जहानाबाद, यूपी निवासी गुड्डू यादव (22) गांव निजामपुर में किराए पर रहता था। दोनों यहीं पर एक फैक्टरी में काम करते थे।
वीरवार रात को वो काम कर अपने कमरे पर लौट रहे थे। गांव बाबरपुर के पास एक पिकअप ने गुड्डू यादव की साइकिल को टक्कर मार दी। पिकअप चालक हादसे के बाद वहां कुछ देर रुका। उसने पिकअप का नंबर नोट कर लिया और एंबुलेंस कंट्रोल रूम में कॉल कर हादसे की सूचना दी। वो उसे लेकर सिविल अस्पताल में गया। यहां से डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहां ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।