पानीपत। आर्य पीजी कॉलेज की महिला वॉलीबॉल टीम ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी लखनऊ में आयोजित महिला नॉर्थ जोन इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर कॉलेज एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 10 से 14 दिसंबर को आयोजित की गई।
महिला खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला तथा प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने इस सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण, कोच राजेश मेहला तथा समस्त सहयोगी स्टाफ को दिया। महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने विजेता खिलाड़ियों को 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान महिला वॉलीबॉल टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम की कप्तान तन्नू राठी के साथ प्रेरणा रावल, श्यामभवि, नाज़िया, ज्योति और आरती ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को रजत पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि महिला वॉलीबॉल टीम 18 दिसंबर को एसआरएम यूनिवर्सिटी चेन्नई में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए रवाना होगी।