इसराना। सीआईए-थ्री पुलिस टीम ने गांव इसराना में 20 नवंबर की रात युवकों से मारपीट व पिस्तौल से जानलेवा हमला करने की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी को सोमवार देर शाम को डाहर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पहचान इसराना निवासी हितेश के रूप में बताई है।
सीआईए-थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों इसराना निवासी नवीन व अरमान के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने के बारे में स्वीकारा। पुलिस ने मंगलवार को पूछताछ के बाद आरोपी हितेश को न्यायालय में पेश किया। उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया। मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी अरमान व नवीन के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। वारदात में शामिल फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसराना थाना में गांव इसराना निवासी सन्नी ने शिकायत में बताया था कि 20 नवंबर को वह इसराना से पानीपत जा रहा था।
अनाज मंडी के पास पहुंचा तो गांव निवासी हितेश ने अपने साथी आर्य उर्फ सन्नी व नवीन के साथ मिलकर उसको रोककर हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नवीन, अरमान, हितेश, आर्य उर्फ सन्नी व योगेश ने उस पर फिर हमला किया। साहिल ने उसे छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपी नवीन ने साहिल को गोली मार दी। अभय के सिर पर तेजधार हथियार से वार किया और उसको गुम चोट मारी। पार्क अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। थाना इसराना में सन्नी की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।