पानीपत। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की योगेश चौधरी की अदालत ने नशा तस्करी की आरोपी महिला को दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी बिहार के चंपारण जिले के बेतिया निवासी मनोरमा उर्फ कलावती को 20 साल की कैद और दो लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।
जुर्माना जमा न करने पर दो साल की अतिरिक्त सजा भुगतने के आदेश दिए। एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात एएसआई कुलदीप सिंह ने 19 जनवरी 2021 में मॉडल टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि वह टीम के साथ आजाद नगर मोड पर गश्त कर रहे थे। उसी समय एक महिला को आते देखा जो पुलिस को देखकर वापस जाने लगी। शक होने पर महिला मनोरमा उर्फ कलावती को रोककर उसकी तलाशी ली गई। उसके पास से एक पॉलीथिन में 1.70 किग्रा. चरस मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले चरस की तस्करी करती थी। उसे एक मामले में 10 साल की सजा हुई थी।
सजा पूरी होने के बाद जब वह बाहर आई तो उसने कूड़ा बीनना शुरू कर दिया। उसे कूड़े के ढेर से 1.70 किग्रा चरस मिली थी। जिसे बेचने की फिराक में वह घूम रही थी। उप जिला न्यायवादी कुलदीप ढुल ने बताया कि मामले की सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश चौधरी की अदालत में हुई। सुनवाई के बाद वीरवार को अदालत ने महिला को नशा तस्करी का दोषी मानते हुए 20 साल की कैद की सजा सुनाई। साथ ही दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।