समालखा (पानीपत)। गन्नौर में पांची रोड स्थित गांधी नगर निवासी एक शिक्षक कर्मबीर की इको गाड़ी बुधवार रात चोरी हो गई थी, जिसे शिक्षक ने गाड़ी में लगे जीपीएस की मदद से ट्रैक कर लिया। वीरवार को वह समालखा में जीटी रोड पर बने एक गैराज पहुंचा, वहां उसकी गाड़ी मिल गई। उसने पुलिस का बुलाया। जहां से एक युवक को काबू किया गया, जबकि बाकी युवक फरार होने में कामयाब हो गए।
कर्मबीर ने बताया कि कार चोरी के बाद वीरवार की सुबह उसने जीपीएस की मदद से खुद गाड़ी की लोकेशन ट्रेस की। गैराज पहुंचकर देखा तो वहां पर गाड़ी खड़ी थी। इसके बाद उसने फोन कर डायल 112 को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो एक युवक को उसने दबोच लिया जबकि अन्य तीन-चार युवक भागने में सफल रहे। समालखा पुलिस भी मौके पहुंची और युवक को उसके हवाले कर दिया गया। शिक्षक ने गैराज की एक वीडियो क्लिप भी बनाई है, जिसमें काफी संख्या में गाड़ियों से निकाला गया सामान दिख रहा है। फिलहाल गन्नौर और समालखा पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।