पूर्व पार्षद हरीश शर्मा की मौत के मामले में स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने पूर्व एसपी मनीषा चौधरी, चौकी इंचार्ज बलजीत और एसआई महावीर को क्लीन चिट दे दी है। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंप दी है, हालांकि इस रिपोर्ट की जानकारी पूर्व पार्षद हरीश शर्मा की बेटी अंजलि शर्मा को नहीं थी। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से जांच रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों को क्लीन चिट दिए जाने की कोई जानकारी नहीं दी गई है। वह इस मामले में कालोनी वासियों के साथ मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से मुलाकात करेंगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। ऐसी चर्चा है कि केस को रद्द कर दिया गया है, जिसकी जानकारी भी शिकायतकर्ता को नहीं दी गई। हालांकि इस चर्चा की कोई पुष्टि नहीं है।
एसआईटी ने जांच में माना पूर्व पार्षद हरीश शर्मा पर नहीं था मानसिक दबाव
एसआईटी ने अपनी जांच में माना है कि पूर्व पार्षद हरीश शर्मा मानसिक तौर पर किसी भी तरह के दवाब में नहीं थे। उन्हें प्रताड़ित भी नहीं किया गया था। न ही पुलिस ने ही उनपर कोई दवाब बनाया। गृह मंत्रालय से पुलिस के पास 18 नवंबर को ही कॉल आ गई थी, जिसके बाद पटाखा प्रकरण में पुलिस ने उनसे कोई पूछताछ नहीं की थी।