पानीपत। जिला योजनाकार विभाग ल्रगातार उन भवनों पर कार्रवाई कर रहा है जो या तो नियमों के विरुद्ध बने हैं या फिर उन्होंने निर्माण के बाद डीटीपी से ऑक्यूपेेशन सर्टिफिकेट नहीं लिया है। अब इसी कड़ी में विभाग ने शहर की सबसे बड़ी अंसल सुशांत सिटी में कार्रवाई शुरू कर दी है। यहां के 1500 ऐसे मकानों मालिकों के पानी के कनेक्शन काटने के निर्देश जारी कर दिए हैं, जिन्होंने बिना ओसी के शिफ्टिंग कर ली थी। इस संबंध में डीटीपी की ओर से नोटिस भी जारी कर दिया गया है। 10 दिन में ये कार्रवाई कर कर्मचारियों को रिपोर्ट डीटीपी को सौंपनी है।
गौरतलब है कि 20 साल पहले अंसल सुुशांत सिटी पानीपत में अस्तित्व में आई थी। यहां पर करीब तीन हजार परिवार रहते हैं। इनमें 1500 परिवार ऐसे हैं जिन्होंने 8 से 10 साल पहले यहां रहना शुरू किया। इन मकान मालिकों ने डीटीपी से रहने से पहले ओसी नहीं लिया। नियमानुसार हाउस शिफ्टिंग से विभाग से ओसी लेना अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने पर विभाग कार्रवाई कर सकता है।
होटल स्वर्ण महल पर भी लग चुका है ताला
समालखा के पास जीटी रोड पर कई एकड़ में बने आलीशान स्वर्ण महज होटल पर भी एक साल पहले डीटीपी ने कार्रवाई की थी। होटल मालिक के पास ओसी नहीं था। आज भी उस होटल पर ताला लटका हुआ है। मालिक अब ओसी के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहा है।
ऑक्युपेशन सर्टिफिकेट है क्या?
यह एक कानूनी दस्तावेज है जो यह पुष्टि करता है कि निर्माणकार्य बिल्डिंग नियमों के मुताबिक हुआ है। यह स्थानीय म्युनिसिपल प्रशासन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जारी करता है। सर्टिफिकेट देने से पहले विभाग की टीमें मौके का निरीक्षण भी करती हैं।
इसलिए भी जरूरी है ओसी
ओसी के बिना बिल्डिंग गिराई जा सकती है या प्रशासन द्वारा उसे अनधिकृत करार दिया सकता है।
होम लोन के लिए अप्लाई करते समय या पुराने फ्लैट के लिए लोन लेते समय ओसी बहुत जरूरी है। वैलिड ओसी के बिना आप अपनी प्रॉपर्टी बेच भी नहीं सकते।- पानी, सीवर, बिजली जैसी आम सुविधाएं ओसी न होने पर बंद की जा सकती हैं।
हम डीटीपी के साथ मीटिंग करेंगे
लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। 10 दिन में उनकी पानी की सप्लाई बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। हम इस संबंध में डीटीपी के साथ मीटिंग करेंगे और इसका समाधान निकालेंगे। -सुरेश गुंबर, प्रधान सुुशांत रजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन
बिना ओसी वालों पर कार्रवाई तय
जिन लोगों ने बिना ओसी लिए मकानों में शिफ्टिंग कर दी है उनको नोटिस जारी कर दिया गया है। ऐसे लगभग 1500 परिवार हैं। इनके मकानों के पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। -अशोक गर्ग, डीटीपी पानीपत।