थर्मल। पानीपत थर्मल यूनिट में रविवार की शाम फाल्ट से 250 यूनिट बिजली का उत्पादन ठप हो गया। थर्मल प्लांट की यूनिट नंबर-8 ट्रिप हो गई, जिससे उत्पादन ठप हो गया। थर्मल प्रबंधन का कहना है कि मरम्मत का काम किया जा रहा है, जल्द ही फाल्ट को ठीक कर यूनिट को शुरू कर दिया जाएगा।
पानीपत थर्मल पावर स्टेशन की 250 मेगावाट क्षमता की यूनिट नंबर-8 रविवार की शाम करीब 7:21 बजे ट्रिप हो गई। जनरेटर अर्थिंग फाल्ट की वजह से यूनिट ट्रिप हो गई। जिससे 250 मेगावाट बिजली का उत्पादन अचानक बंद हो गया। इसके साथ ही एक छोटे शहर भर को एक दिन में दी जाने वाली बिजली का संकट पैदा हो गया। थर्मल की यूनिट-8 को नवंबर में चलाया गया था। 20 दिन पहले ट्यूब लीकेज के कारण भी यही यूनिट ट्रिप हुई थी। तब इसके फाल्ट की मरम्मत कर अगले ही दिन उत्पादन सुचारू कर दिया गया था। बिजली की बढ़ती मांग के कारण तीन वर्ष से बंद पड़ी पानीपत थर्मल की 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट नंबर-6 को भी चलाया जा रहा है। इसे अपनी पूरी क्षमता से कम लोड पर चलाया जा रहा है। इस यूनिट से लगभग 180 मेगावाट बिजली का ही उत्पादन हो रहा है। तीन दिन पहले एफडी फैन ट्रिप होने के कारण यूनिट-6 ट्रिप हो गई थी। थर्मल की 250 मेगावाट क्षमता की यूनिट नंबर-7 को 6 मार्च को चलाया गया था। यह यूनिट 32 दिन से लगातार अपनी पूरी क्षमता पर चल रही है। पानीपत थर्मल पावर स्टेशन के चीफ इंजीनियर एसएल सचदेवा ने बताया कि यूनिट-8 अचानक ट्रिप हो गई। प्राथमिक जांच में जनरेटर अर्थिंग फाल्ट पाया गया है। जल्दी ही फाल्ट को ठीक कर यूनिट को चला दिया जाएगा।