पानीपत। जीटी रोड पर बने एलिवेटेड हाईवे के क्रैश बैरियर को करनाल की तरफ जा रहा अनियंत्रित ट्रक ने तोड़ दिया। ट्रक की टक्कर से क्रैश बैरियर का एक हिस्सा टूट कर पूरे दिन लटका रहा। इससे वहां से गुजरने वाले वाहनों पर खतरा मंडराता रहा।
सूचना मिलने के बाद भी टोल प्रबंधन ने क्रैश बैरियर के टूटे हिस्से को हटाने के प्रयास नहीं किए। पुलिस भी इस मामले में मूक दर्शक ही बनही रही।
हादसा सोमवार देर रात को बस स्टैंड और सिविल अस्पताल के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि दिल्ली से करनाल की तरफ जा रहा एक ट्रक देर रात को एक कार के ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित हो गया। ट्रक तेज गति से सेंट्रल मीडियम (डिवाइडर) को तोड़ते हुए करनाल-दिल्ली लेन पर आ गया और क्रैश बैरियर (बाउंड्री) से टकरा गया।
ट्रक की तेज टक्कर से क्रैश बैरियर टूट गया। बताया जा रहा है कि क्रैश बैरियर में लगे एक पाइप के चलते ट्रक ऊपर ही रुक गया। यदि पाइप न होता तो ट्रक सीधे नीचे जीटी रोड पर आकर गिरता और उसकी चपेट में अन्य वाहन भी आ सकते थे।
पूरा दिन लटका रहा टूटा हिस्सा
एलिवेटेड हाईवे पर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस और एलएनटी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को एक तरफ किया। ट्रक चालक ने बताया कि वह करनाल की तरफ जा रहा था। एक कार चालक ने अचानक उसके ट्रक को क्रॉस किया। इसी वक्त ट्रक अनियंत्रित हो गया।
पुलिस अपनी कार्रवाई करके मौके से चली गई। इसके बाद एलएनटी के अधिकारियों ने भी क्रैश बैरियर के टूटे हिस्से को हटाने की जहमत नहीं उठाई। यदि दिन में यह हिस्सा नीचे गिर जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
एलएनटी एक्सपर्ट बुलाने की तैयारी में लगा
एलएनटी के अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एलएनटी मरम्मत के लिए एक्सपर्ट बुलाने की तैयारी में है। एक्सपर्ट मौका मुआयना करेगा। इसके बाद ही क्रैश बैरियर की मरम्मत की जाएगी।
वर्जन
एलिवेटेड हाईवे पर करनाल की तरफ जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दिल्ली लेन के क्रैश बैरियर से टकरा गया था। इससे क्रैश बैरियर टूट गया है। लेकिन, लोहे के मजबूत पाइप के चलते ट्रक नीचे नहीं गिरा। जीटी रोड के नीचे क्रैश बैरियर के हिस्से में बैरियर लगाए जाएंगे।
एसके झा, प्रबंधक, एलएनटी, पानीपत।