समालखा (पानीपत)। जीटी रोड पर मेगा मॉल के सामने वीरवार को कार की टक्कर लगने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों परीक्षा देने जा रहे थे। उनके इंतजार में खड़ा उनका तीसरा साथी भी कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पानीपत के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना की सूचना मिलने पर दोनों परिवारों के सदस्य व उनके जानकार अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक नीरज और विनीत परिवार के एकलौते चिराग थे।
शास्त्री कॉलोनी के रहने वाले नीरज और कालीरामना मोहल्ला निवासी विनीत गन्नौर में आईटी की परीक्षा देने के लिए बाइक से जा रहे थे। उनका एक साथी सुशील जीटी रोड पर मेगा मॉल के पास उनके इंतजार में खड़ा था। मेगा मॉल के पास बाइक को पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। इस दौरान वहां साइड में खड़ा सुशील भी कार की चपेट में आने से घायल हो गया। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण नीरज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विनीत की अस्पताल में मौत हो गई।
सुशील का पानीपत के अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी है। वहीं जांच अधिकारी विजय ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मृतक नीरज के पिता अजीत की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।