फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पानीपत में बड़ा हादसा: सवारी उतार रही बस में ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, तीन की मौत, 14 घायल

Sun, 01 Aug 2021 08:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पानीपत (हरियाणा)
विज्ञापन
हादसे में उड़े बस के परखच्चे। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

खादी आश्रम के सामने फ्लाईओवर पर सवारी उतार रही निजी बस को पीछे से बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रक वहीं पलट गया, जबकि बस राष्ट्रीय राजमार्ग की ग्रिल तोड़कर सर्विस रोड तक पहुंच गई। बस में सवार 50 लोगों में से 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लोगों की मदद से सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की रोहतक पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसके अलावा 14 अन्य घायलों में से सात लोगों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक और ट्रक चालक दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


घटनाक्रम के अनुसार निजी बस चालक दलबीर सिंह आजमगढ़, फैजाबाद, सुलतानपुर और जौनपुर से करीब 50 सवारियां लेकर पंजाब के लुधियाना के लिए चला था। वह सुबह छह बजे पानीपत पहुंचा और दो सवारियों को उतारने के लिए खादी आश्रम के सामने बस रोकी। इसी बीच पीछे आ रहे एक ट्रक चालक ने खड़ी बस में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बस ग्रिल तोड़कर सर्विस रोड पर पहुंची और बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों और एंबुलेंस की मदद से एक-एक कर कुल 17 घायल लोगों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने यूपी के जिला कुशीनगर निवासी राहुल (17) पुत्र छोटे लाल, आजमगढ़ निवासी संगीता (18) पुत्री हनर को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


वहीं आजमगढ़ निवासी पिंटू लाल(21) की रोहतक पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसके अलावा डॉक्टर ने सात लोगों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। नेशनल हाईवे पर बस रोककर लोगों की जान को खतरे में डालने की वजह से आरोपी बस चालक और बस में टक्कर मारने वाले आरोपी ट्रक चालक दोनों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये लोग हुए घायल
बस में सवार सुल्तानपुर निवासी 19 वर्षीय आर्यन, आजमगढ़ निवासी 40 वर्षीय भीम, अरविंद आंबेडकर नगर निवासी 35 वर्षीय शिवप्रसाद, आजमगढ़ निवासी 50 वर्षीय कल्पनाथ, फैजाबाद निवासी 41 वर्षीय भवानी प्रसाद, सुल्तानपुर निवासी 57 वर्षीय राजाराम, आजमगढ़ निवासी 36 वर्षीय चंद्रभान, आजमगढ़ निवासी 60 वर्षीय राम बच्चन, 30 वर्षीय शिवराम, 15 वर्षीय दीपू, 21 वर्षीय अर्जुन और 22 वर्षीय फिदनाथ और दो अज्ञात घायल हो गए।

बड़ी बहन से मिलने जा रहे थे बहन-भाई, बहन की मौत
पंजाब के जीरकपुर निवासी प्रियंका ने बताया कि वह शादीशुदा है और पंजाब में रहती है। वहीं उसके पिता हनर बहन भाइयों के साथ यूपी के आजमगढ़ के राजभट में रहते हैं।

वह चार बहन भाई हैं, जिनमें उससे बड़ी सुमन और छोटा भाई अरविंद और बहन संगीता (18) है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे वह गांव से उसके पास आने के लिए बस में सवार हुए थे। उन्हें पुलिस ने सूचना दी कि हादसे में संगीता की मौत हो गई और अरविंद को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। प्रियंका ने बताया कि पिता हनर गांव में गन्ने की रेहड़ी लगाते हैं। बहन ने एमकॉम तक शिक्षा कर रखी थी, जबकि उसका भाई अरविंद जीरकपुर में ही एक कंपनी में नौकरी करता था।

मौसा से लैपटॉप लेने लुधियाना जा रहा था राहुल
परिजनों ने बताया कि यूपी के जिला कुशीनगर के पिपरा बुजुर्ग निवासी राहुल (17) मैकेनिकल का डिप्लोमा कर रहा था। उसके मौसा डबलू लुधियाना में रहते हैं। मौसा ने फोन कर कहा था कि उसके पास लैपटॉप रखा है, जिसे लेने के लिए राहुल लुधियाना जा रहा था लेकिन पानीपत पहुंचते ही सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। राहुल से छोटा एक भाई और है। राहुल के पिता छोटे लाल की करीब सात माह पहले हत्या कर दी गई थी।

भाइयों के पास काम की तलाश में जा रहा था चिंटू

परिजनों ने बताया कि यूपी के जिला आजमगढ़ के गांव चकदेवा निवासी चिंतलाल उर्फ चिंटू (21) पुत्र हरभजन चार भाई है। चिंटू के भाई इंद्रवेश और ब्रिजेश पटियाला में रहते हैं, जिनके पास वह काम की तलाश में बस में सवार होकर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी

बस में सो रहे थे, अचानक बम फटने जैसी आवाज आई
घायल अयोध्या निवासी फिदनाथ ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह 10 बजे आजमगढ़ से बस में सवार होकर लुधियाना काम की तलाश में जा रहा था। वह बस में सो रहा था। इसी बीच बस रुकी तो उसकी आंख हल्की खुली। तभी बस में बम फटने जैसी आवाज आई और एक दम से लोगों में चीख-पुकार मच गई। उसे सिर में चोट लगी।

21 लोगों का ग्रुप काम की तलाश में जा रहा था लुधियाना
सुल्तानपुर निवासी राजाराम ने बताया कि उनका 21 लोगों का ग्रुप था, जो कि लुधियाना काम की तलाश में जा रहे थे। वह रात को सो चुके थे, जिस वजह सुबह उठकर फोन पर बात कर रहे थे। पानीपत में आकर बस रुकी थी। कुछ सवारी उतर ही रहीं थी कि अचानक से पीछे से टक्कर लगी। जिस वजह वह घायल हो गए। उनके सिर चोट लगी और पैर में फ्रैक्चर आया।
विज्ञापन

आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिस वजह काम की तलाश में जा रहे थे

फैजाबाद के रहने वाले भवानी ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। जिस वजह वह काम की तलाश में निकले थे। उन्होंने लखनऊ से लुधियाना के लिए बस पकड़ी थी। बस चालक कभी तेज तो कभी धीमी गति में चला रहा था। उन्होंने सही तरीके से बस चलाने की अपील की थी।

पुलिस और डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना और ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने जेसीबी की मदद से सड़क पर पलटे ट्रक को साइड कराया और जाम को खुलवाया। 

वहीं हादसे की सूचना पर एसपी शशांक कुमार सावन सामान्य अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे और डॉक्टर से घायलों की स्थिति का ब्योरा लिया। इसके अलावा पांच डॉक्टरों ने मोर्चा संभाला और घायलों को उपचार दिया।

आरोपी बस चालक और ट्रक चालक दोनों के खिलाफ धारा 279,336,337,304,304-ए,308,427 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है । मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर तीनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। - सतीश वत्स, डीएसपी, मुख्यालय।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें