पानीपत। हादसे में श्रतिग्रस्त हुई ईक्को गाड़ी।
- फोटो : Panipat
पानीपत। जीटी रोड पर पुलिस लाइन के पास शुक्रवार सुबह पांच बजे सड़क हादसे में एक मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई है। ट्रक चालक ने ओवरटेक करते हुए इको वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में उस पर सवार दो सगे भाई, उनके छह वर्षीय भतीजे और चाचा की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य घायल हो गए। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामले के केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर स्थित गांव सिलारपुर निवासी दयानंद ने बताया कि पंजाब निवासी उनकी बेटी बिमला का बीमारी से निधन हो गया था। वीरवार रात दो बजे इको कार किराये पर लेकर पंजाब के गांव खनौरी पातरा के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ बेटा रमेश (28), नवाब ( 32), राकेश (35), पुत्रवधू ममता, नीलम, पोता प्रियांशु (6) और पोती नीतू भी थे। शुक्रवार की सुबह पांच बजे जीटी रोड पानीपत में पुलिस लाइन के पास ओवरटेक करने के दैरान पीछे से ट्रक चालक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 मीटर तक ट्रक इको कार को घसीटता ले गया। हादसे में बेटे रमेश और नवाब, भाई राकेश और पोते प्रियांशु की मौत हो गई। वह, पुत्रवधू ममता, नीलम, गंभीर रूप से घायल हो गए। इको चालक और एक वर्षीय पोती नीतू बाल-बाल बच गए।
परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
- इंस्पेक्टर अंकित कुमार, थाना प्रभारी सेक्टर-29