पानीपत में पुलिस बाजार में सुरक्षा ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक को भी कंट्रोल नहीं कर पा रही है। फेस्टिवल सीजन में जीटी रोड से लेकर बाजार तक ट्रैफिक आउट ऑफ कंट्रोल हो गया है।
इससे बाजार और शहर के अंदर भी जाम बढ़ता जा रहा है। बाजार एसोसिएशन की मांगों पर पुलिस का कोई ध्यान नहीं है। पुलिस अधिकारियों की अनदेखी से बाजार में आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पुलिस अधिकारी इस तरफ से भी बचने की कोशिश कर रहे हैं।
यह है शहर और बाजार के हालात
शहर और बाजार में यातायात कंट्रोल नाम की कोई स्थिति नजर नहीं आई। अमर उजाला टीम ने शहर में कई जगह जाकर यातायात पुलिस की गतिविधियों को देखा और जाम में फंसे लोगों की मुश्किलें खुद जानीं। सोमवार को सप्ताह का पहला दिन रहा। बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ अधिक थी। बाजार में एक साथ बढ़ी ग्राहकी को देख दुकानदार खुश नजर आए। लेकिन सड़क पर ग्राहकों को परेशानी सिर पर उठानी पड़ी। टीम इंसार बाजार में लालबत्ती चौक से घुसी।
यहां पर असंध रोड से जीटी रोड पार करने के लिए काफी देर तक दोनों लेन पर ट्रैफिक के रुकने का इंतजार किया। कुछ लोग इंतजार नहीं कर सके और वाहनों के आगे पीछे से निकलने की कोशिश करते रहे। यहां से निकलकर इंसार बाजार में दाखिल हुए तो भीड़ अपेक्षाकृत मिली। दुकानों के बाहर खड़े दोपहिया सबसे अधिक परेशानी पैदा कर रहे थे। पूरे बाजार में दुकानों के बाहर यहीं स्थिति रही।
पालिका बाजार की पार्किंग में भी स्थिति चिंताजनक रही। नगर निगम के बाहर पार्किंग में खड़ी गाड़ियां राहगीरों के लिए परेशानी पैदा कर रही थी। इसके बाद टीम सलारगंज गेट से बाहर निकली तो तिराहे पर ट्रैफिक की कोई व्यवस्था नहीं मिली। यहां गाड़ियां बीच सड़क मेें खड़ी मिली। अधिकतर एक दूसरे को देख दो मिनट में आने की कहकर गाड़ियों को पार्क कर रहा था। पुलिस की इस तरफ कोई नजर ही नहीं पड़ी।
जीटी रोड पर यहां रहता है जाम
शहर में जीटी रोड पर जाम लंबा होना शुरू हो गया है। यहां पर बस स्टैंड के दोनों गेटों के बाहर वाहनों की लंबी लाइन लगी रहती है। लालबत्ती पर भी पैदल लोगों की क्रासिंग के चलते वाहनों की लाइन पुराना वेस्ट होटल तक लगी मिली।
संजय चौक पर भी वाहनों की लाइन एसडी कॉलेज और इससे आगे गोहाना रोड पर वाहनों की लाइन कई सौ मीटर पीछे तक रही। सेक्टर-11-12 के यू टर्न पर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके दूसरी तरफ गोहाना रोड, संजय चौक और रेलवे रोड के दोनों यू टर्न पर जाम की स्थिति समान रही। इसके आगे लालबत्ती और बस स्टैंड के सामने खड़ी रहने वाली बसों से जाम लंबा रहा।
हाथ में चालान बुक, ट्रैफिक अनियंत्रित
पुलिसकर्मियों के हाथ में ट्रैफिक कंट्रोल नहीं बल्कि चालान बुक है। हर चौक और चौराहे ही नहीं बल्कि मार्गों पर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं। वे ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के बजाय चालान काटने में लगे हैं। राइडर और पीसीआर पर भी चालान बुक पहुंच गई हैं। कई बार तो जीटी रोड के बीच में आकर पुलिसकर्मी दोपहिया वाहन को रोक लेते हैं और बीच में से ही पकड़कर एक तरफ ले जाते हैं।
बाजार से बाहर हो पार्किंग
बाजार के जाम में सबसे बड़ा कारण दोपहिया वाहनों का अंदर जाना है। इससे जाम लग जाता है। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी शमशेर सिंह का मानना है कि बाजार में त्योहारी सीजन के दौरान रिक्शा या दोपहिया वाहन दाखिल नहीं होने चाहिए। इन वाहनों की बाजार से पहले ही पार्किंग होनी चाहिए। पुलिस के लिए एलिवेटेड हाईवे को दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए सबसे उपयुक्त जगह है। वाहन चालकों को भी इसमें अपना सहयोग देना चाहिए।