सर्वजातीय पंचायत ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है।
पंचायत पानीपत ग्रामीण और शहरी विधानसभा और करनाल लोकसभा से प्रत्याशी उतारेगी। पंचायत का दावा है कि प्रदेश के किंग मैकिंग में पंचायत का अहम योगदान रहेगा।
इस दौरान सतीश भारद्वाज को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर 21 सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। सर्व जातीय पंचायत का जिलास्तरीय सम्मेलन रविवार को जीटी रोड स्थित रोड़ धर्मशाला में हुआ।
जिसकी अध्यक्षता पंडित धर्मपाल शर्मा ने की। जिसमें सबके समर्थन से सर्वजातीय पंचायत का कार्यकारी अध्यक्ष पंडित सतीश भारद्वाज को नियुक्त किया। वे पंचायत के अध्यक्ष एवं पानीपत के विधायक ओमप्रकाश जैन की अनुपस्थिति में सर्वजातीय पंचायत का कार्य देखेंगे।
महासचिव सतपाल राणा ने कहा कि सर्वजातीय पंचायत पानीपत ग्रामीण और शहरी विधानसभा और करनाल लोकसभा का चुनाव लड़ेगी। प्रत्याशियों का फैसला 21 सदस्य कमेटी लेगी।
पंचायत ने ग्रामीण हलके से चुनावों की तैयारी कर ली है और लोगों से घर-घर पहुंच संपर्क साध रहे हैं। बाहरी कालोनियों में विकास की जिम्मेदार पंचायत का नेता नहीं, बल्कि सरकार जिम्मेदार है। सरकार की अनदेखी से यहां के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र मलिक ने कहा कि सर्वजातीय पंचायत एक सामाजिक व राजनीतिक संगठन है। यह संगठन आगे भी चुनाव लड़ेगा। इस मौके पर धर्मवीर रावल, सरपंच पान सिंह, पार्षद जय कुवार, वीरेंद्र पहलवान, सरदार महेंद्र कुमार चावला, हरिओम शर्मा, रोशन लाल शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, नरेश पासी, सुरेंद्र पांचाल, करणसिंह राणा, विक्रम राणा, रमेश अग्रवाल और शिव कुमार मौजूद रहे।