विद्यानंद कॉलोनी की महिला तीन लाख रुपये व सोने के गहने लेकर अपने प्रेमी तांत्रिक के साथ फरार हो गई। महिला के पति का कहना है कि उक्त रुपये उसने प्लॉट बेचकर पत्नी के खाते में जमा कराए थे, जबकि गहने बेटी की शादी के लिए बनवाए थे। पति का आरोप है कि तांत्रिक ने उसकी पत्नी को तांत्रिक विद्या से सम्मोहित कर इस वारदात को अंजाम दिया है। इसमें एक महिला व अन्य दो पुरुष भी शामिल हैं। अब आरोपी उन्हें पुलिस में शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में चार नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विद्यानंद कॉलोनी की रहने वाली महिला छोटू राम चौक स्थित त्रिशूल फैक्टरी में काम करती थी। वहां पर मेहताब ठेकेदार था। मेहताब तांत्रिक विद्या भी जानता है। मेहताब का बेबी नाम की महिला के साथ अवैध संबंध है। मेहताब ने तांत्रिक विद्या से उसकी पत्नी को सम्मोहित कर लिया। 12 अगस्त को वो काम पर चला गया था। उसकी पत्नी घर से तीन लाख रुपये व सोने के गहने लेकर मेहताब के साथ फरार हो गई। यह तीन लाख रुपये उसने प्लॉट बेचकर अपनी पत्नी के खाते में जमा कराए थे। गहने उसने अपनी बेटी की शादी के लिए बनवाए थे। उसने इस बारे में फैक्टरी के मालिक से बात की तो उसने उसे धमकाया।
उसे शक है कि फैक्टरी मालिक, मेहताब के भाई और बेबी नाम की महिला ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। 15 अगस्त को उसकी बेटी ने मेहताब को कॉल की थी। मेहताब ने कहा कि उसकी मां उसके पास है। वो उसकी मां के जरिये पैसे कमाएगा। अगर कहीं शिकायत की तो उसके भाई व उसके मामा राकेश की हत्या करवा देगा। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।