पानीपत/समालखा। पानीपत में दो अलग-अलग सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में बाइक सवार युवक की हाइवे पर खड़े कैंटर में टक्कर हो गई। युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरा हादसा सोमवार सुबह करीब तीन बजे 70 माइल स्टोन के सामने जीटी रोड पर हुआ। इसमें कार को चेक कर रहे दो युवकों को ट्राले ने कुचल दिया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। शिकायतों पर पुलिस जांच कर रही है।
पहला हादसा:
पानीपत। चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में करनाल के गांव कैमला निवासी मोहित पुत्र पवन ने बताया कि वह रविवार को फ्लाईओवर से होते हुए अपने मामा के घर समालखा जा रहा था। जब वह मलिक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो वहां पर एक कैंटर चालक बिना किसी संकेत के खड़ा हुआ था। इसी बीच देखते ही देखते एक बाइक चालक की खड़े कैंटर में टक्कर हो गई और बाइक चालक घायल होकर सड़क पर गिर गया। वह बाइक रोक कर घायल बाइक चालक के पास पहुंचा तो वह उसका पड़ोसी शिवम पुत्र सोहन लाल मिला। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह उसे उठाकर पार्क अस्पताल ले गया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरे हादसा:
समालखा। सफीदों निवासी चंचल उर्फ प्रेरणा पाहवा ने बताया कि वह अपने पति विशाल पाहवा (46) और जानकार राजेश (45) के साथ दिल्ली में अपनी बहन के घर एक समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। रात करीब एक बजे वह दिल्ली से अपने घर के लिए से चले। कार को डिडवाडी गांव निवासी राजेश चला रहा था। वह अपने पति के साथ पिछली सीट पर बैठी थी। करीब साढ़े तीन बजे जब वे 70 माइल ढाबे के पास पहुंचे तो कुछ टकराने की आवाज आई। पति विशाल व राजेश नीचे उतरकर देखने लगे। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से तेज गति से आए ट्राले ने दोनों लोगों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच आरोपी ट्राला चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पानीपत। राजेश। फाइल फोटो।- फोटो : Panipat
पानीपत। शिवम। फाइल फोटो।- फोटो : Panipat