पानीपत। पत्रकार वार्ता कर जानकारी देते हुए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व साथ में मौजूद अन्य?
- फोटो : Panipat
पानीपत। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह पानीपत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के लोगों की समस्याएं सुनी और कुछ गंभीर मुद्दों को विधानसभा में उठाने की बात कही। पूर्व सीएम ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। खरी-खरी सुनाते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार तीन ‘सी’ पर चल रही है- करप्शन, क्राइम और कर्जा। प्रदेश पर ढाई लाख करोड़ का कर्ज है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी इस हद तक हो गई है कि एक पद के लिए हजारों युवाओं की लाइन लगती है। क्राइम में भी प्रदेश नंबर एक पर आ गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को अब भूमाफिया और शराब माफिया ही चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिहायशी प्रमाण में 15 साल के नियम को बदलकर पांच वर्ष की अनिवार्यता की गई है। ये प्रदेश के नौजवानों से धोखा है। मौजूदा सरकार नौकरियों में 75 प्रतिशत आरक्षण लाने का दावा भरती है जबकि इस नियम से दूसरे प्रदेशों के लोग पांच वर्ष रहकर रिहायशी प्रमाणपत्र बनवा लेंगे। नतीजा नौकरियों समेत स्कूल-कॉलेज में प्रदेश के युवाओं का हक चला जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के बड़े प्रोजेक्ट्स में हाईवे से लेकर मेडिकल कॉलेज और इंस्टीट्यूट तक कांग्रेस सरकार की देन है। जिसका श्रेय मौजूदा सरकार ले रही है। बीते सात वर्ष के शासन में कोई काम नहीं किया। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि कोई भी मुख्यमंत्री बनने का सपना देख सकता है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस के समर्थित पार्षदों को चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़वाने का फैसला अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकारिणी का गठन होगा।