मतलौडा। अनाजमंडी के आढ़ती मंगतराम ने धान के पांच खरीदारों के खिलाफ पैसे नहीं देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत पर पुलिस ने कैथल निवासी अशोक कुमार मिगलानी, सुरेंद्र कुमार मिगलानी, अरुण कुमार, सिद्धार्थ व पूनम मिगलानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।
आढ़ती मंगतराम ने पुलिस को बताया कि उसकी मतलौडा अनाजमंडी में आढ़त की दुकान है और वह कमीशन एजेंट का काम करता है। उसने वर्ष 2017-18 के दौरान करीब दो करोड़ 65 लाख रुपये की धान खरीद कर मैसर्ज लेखराज एंड संस फर्म को भेजी थी। इस फर्म के पांच पार्टनर हैं। उन्होंने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की पेमेंट दे दी थी। इसके बाद भी उसको पेमेंट दी गई। 31 मार्च 2020 के बाद उसके 12 लाख रुपये ब्याज समेत करीब 49 लाख रुपये बकाया रह गए थे। इसके बाद वह आश्वासन पर आश्वासन देते रहे और आपस में मीटिंग करते रहे। इसके बाद सितंबर 2020 को उनके पास कैथल पैसे लेने गया तो हथियारबंद कर लोगों ने उसे धमकी दी कि अगर वह पैसे मांगने उनके पास आया तो उसे जान से मार देंगे। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।