पानीपत। किला थाना क्षेत्र में चोर चार मकानों की दीवार फांदकर घर में घुसा और 15 हजार रुपये व गुल्लक लेकर फरार हो गया। सुबह होने पर चोरी का खुलासा हुआ। परिवार ने किला थाना पुलिस को शिकायत दी। वहीं इसके अलावा शहर थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर चोरों ने एक मेडिकल स्टोर के शटर को उखाड़कर 42 हजार रुपये चोरी कर लिए।
चोरी नंबर-1
खोतपुरा निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि सुखदेव नगर मोड़ पर एमएस मामा-भांजा के नाम से मेडिकल स्टोर है। वह नौ अक्तूबर की रात नौ बजे उसे बंद करके घर चले गए थे। 10 अक्तूबर की सुबह सात बजे मोहम्मद आजम दुकान पर दवाई लेने आया तो दुकान का ताला टूटा देखा। उसने फोन पर सूचना दी। वह दुकान पर पहुंचे तो गल्ले से 42 हजार रुपये चोरी मिले। वहीं इसके अलावा जरूरी दस्तावेज चोरी मिले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी नंबर-2
हनुमान कॉलोनी निवासी रविंद्र वर्मा ने बताया कि उसका कॉलोनी में पाइप क्लंप का काम है। 10 अक्तूबर की रात ढाई बजे चोर घर के अंदर घुसा और पेंट की जेब से 15 हजार रुपये और मिट्टी का गुल्लक चोरी कर फरार हो गया। इसका पता सुबह चला। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक की तो खुलासा हुआ कि आरोपी चार मकानों की छत फांदकर उनके घर तक पहुंचा और करीब तीन बजे चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। उन्होंने किला थाना पुलिस को शिकायत दी और आरोपी की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।