तहसील में आय प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे एक युवक ने क्लर्क पर हमला कर दिया। क्लर्क ने आरोपी युवक के खिलाफ शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में अंकित गुलिया ने बताया कि वह पानीपत तहसील में लिपिक के पद कार्यरत है। वीरवार को दोपहर डेढ़ बजे वह अपने कार्यालय में था। इस बीच गांव बबैल निवासी जिले सिंह कार्यालय में आया और उससे आय प्रमाणपत्र के बारे में पूछने लगा। उसने जिले सिंह को कहा कि कमरा नंबर सात में चले जाओ, इससे संबंधित जानकारी उसी कमरे में मिलेगी। इतना कहते ही वह गाली-गलौज करने लगा। उसने समझाने का प्रयास किया तो उसके साथ मारपीट करने लगा। मौके पर डीआरए मीना कुमारी, डब्ल्यू बी एन सरोज, कर्मचारी सुलतान और सेवादार सुदामा ने आकर उसे छुड़ाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।