संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। तहसील कैंप थाना क्षेत्र के एक युवक को ऑनलाइन पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर ठगों ने 13.24 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने ऑलाइन अलग-अलग टॉस्क देकर उससे रुपये इंवेस्ट कराए और प्रोफिट मांगने पर और तीन टॉस्क लगवाते रहे। इसी तरह आरोपियों ने उससे इतनी बड़ी रकम की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहसील कैंप थाना क्षेत्र निवासी दीपक ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। आठ मार्च को उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के लिए मैसेज आया। उसने संपर्क किया तो व्यक्ति ने उससे पहले यू टयूब चैनल सब्सक्राइब कराया। उसके बाद उसे जॉब के अनुसार उसे कुछ टॉस्क बताए गए, जिनका प्रोफिट उन्हें शाम के समय देने का आश्वासन दिया। इसके अलावा कुछ प्रीपेड टास्क के लिए भी कहा गया। ये सभी टास्क कंपनी के टेलीग्राम ग्रुप में आते थे। प्रीपेड टास्क का रुपया उससे कीला डॉट कोम साइट पर क्रिप्टो में लगवाया जाता था। उसने शुरू के दो टॉस्क में उसे 300 और 2400 रुपये लाभ मिला, लेकिन 5000 रुपये वाले में आगे दो टॉस्क 62,300 और 1,84,400 रुपये टॉस्क लगवाए, जिनमें हानि दिखा कर उससे आगे तीन और टॉस्क1,64,200, 2,99,800, 4,68,800 के करवाये। टॉस्क के अंत में उससे लाभ का कुल 30 प्रतिशत टैक्स 1.40 लाख रुपये मांगा गया। उसने यह रुपये भी दे दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी क्रेडिट स्कोर कम होने का बहाना करते हुए फिर से 2,48,201 रुपये के नये टास्क के लिए कहा। आरोपियों ने इसी तरह उससे कुल 13,24,621 रुपये ऐठ लिए। जिसके बाद उसने मामले की शिकायत ऑनलाइन 17 मार्च को दर्ज करवाई। अब उसने मामले की शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी।