वधावा राम कॉलोनी में ज्वैलर्स की दुकान का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले युवक को सीआईए-2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की दो जोड़ी चांदी की पाजेब और 20 हजार रुपये बरामद कर जेल भेज दिया गया। सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि आरोपी तहसील कैंप के देवेंद्र उर्फ सन्नी को से पूछताछ की तो उसने जून में वधावा राम कॉलोनी स्थित बाबा ज्वैलर्स की दुकान से दिन के समय चांदी के जेवरात चोरी करने की वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया।
गौरतलब है कि वधावा राम कॉलोनी निवासी विनोद ने शिकायत देकर बताया था कि उसने वधावा राम कॉलोनी में घर के पास ही बाबा ज्वैलर्स के नाम से दुकान की हुई है। गत 18 जून को दोपहर करीब 12 बजे वह काउंटर को लॉक कर किसी काम के लिए दुकान से घर गया था। आधे घंटे बाद दुकान पर वापस आया तो काउंटर का शीशा टूटा हुआ था। अज्ञात व्यक्ति काउंटर में रखी चांदी की चुटकी, तेरह जोड़ी पाजेब कुल वजन करीब सवा किलो और 6-7 ग्राम सोना चोरी कर ले गया था।
दो जोड़ी चांदी की पाजेब पास रखकर बाकी राहगीर को बेच दिए थे गहने
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि आरोपी देवेेंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसने चोरी किए जेवरात में से दो जोड़ी चांदी की पाजेब अपने पास रखकर बाकी सभी जेवरात को एक राह चलते युवक को 50 हजार रुपये में बेच दिया था। वहीं 50 हजार रुपयों में से 30 हजार रुपये नशा करने और खाने पीने मे खर्च कर दिए थे।