अशोक बिहार कॉलोनी में एक युवक से पिस्तौल के बल पर तीन बदमाशों ने 15 हजार रुपये लूट लिए। वहीं बदमाशों ने बैग लूटने का प्रयास किया तो युवक ने हाथापाई कर बैग बचा लिया, जिस वजह से बैग में रखे चार लाख रुपये बच गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल शुरू कर दी है।
हनुमान कॉलोनी निवासी अजय सैनी ने बताया कि उसकी पहलवान चौक पर मोबाइल और मनी ट्रांसफर की दुकान है। वह बुधवार रात वह साढ़े नौ बजे दुकान बंद करके पैदल अपने घर जा रहा था। जब वह दुकान से निकला तो पीछे से एक बाइक पर तीन बदमाश आए और उसे रोक लिया। पिस्तौल के बल पर आरोपी ने पहले 15 हजार रुपये नकदी से भरा पर्स छीना और उसके बाद बैग छीनने का प्रयास किया, लेकिन उसने बैग नहीं दिया। हाथापाई हुई तो बैग फट गया। इसी बीच एक बदमाश पिस्तौल में गोली डालने लगा। तभी उसने बदमाश को थप्पड़ जड़ दिया। रंजिश में बदमाश ने उसकी गर्दन पर पिस्तौल की बट मारी, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा, लेकिन उसने बैग नहीं छोड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से कुटानी रोड बेरी वाली मस्जिद की तरफ फरार हो गए।
- तमाशबीन बन खड़े रहे लोग, किसी ने नहीं की मदद
पीड़ित ने बताया कि जिस समय आरोपी उसके साथ मारपीट कर रहे थे। उस समय दो से तीन युवक वहां खड़े हुए थे। उसने एक आरोपी को पकड़ लिया और पास में खड़े युवकों से मदद मांगी, लेकिन वह तमाशबीन होकर खड़े रहे।
जान पर खेलकर बचाए चार लाख रुपये-
पीड़ित का कहना है कि उसका मनी ट्रांसफर का काम है। इसलिए उसे नकदी रखनी पड़ती है, दुकान बंद कर वह नकदी को रात को अपने साथ ले जाता है। अनिल ने बताया कि जिस बैग के लिए वह अपनी जान की परवाह न करते हुए भिड़ गया, उसमें चार लाख रुपये थे। अगर वह बैग छोड़ देता, तो उस पर कर्ज हो जाता और जमापूंजी भी चली जाती।
पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, किला थाना प्रभारी