पानीपत। नहर किनारे बैठकर एक युवक ने दिल्ली पुलिस को कॉल कर खुद के अपहरण की फर्जी सूचना दे दी। साथ ही बदमाशों की ओर से दो लाख रुपये फिरौती मांगने की बात कही। इस सूचना के बाद दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कॉल किए नंबर की जांच कराई तो लोकेशन पानीपत की मिली।
विज्ञापन
पुलिस ने पानीपत पुलिस से संपर्क किया और नंबर ट्रेस कर युवक को ढूंढने की बात कही। पानीपत पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो युवक नहर किनारे शराब के नशे में धुत मिला। इस बीच सोमवार को पहुंची दिल्ली पुलिस आरोपी युवक का मेडिकल कराने के बाद उसे साथ ले गई। घटना को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि मामले में स्थानीय पुलिस अधिक जानकारी से इंकार कर रही है।