पानीपत। सेक्टर 12 निवासी कारोबारी की कार लेकर चालक फरार हो गया। कारोबारी ने 23 फरवरी को ड्राइवर को अपने बच्चों को लेने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर भेजा था। वहां चालक नहीं पहुंचा। बच्चे निजी टैक्सी से घर पहुंचे। अब कारोबारी ने चालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है।
सेक्टर 12 निवासी कर्मबीर मित्तल ने बताया कि उसने गांव डाडौला निवासी ड्राइवर सुरेंद्र को 23 फरवरी को अपनी आई-10 गाड़ी देकर दिल्ली एयरपोर्ट पर बच्चों को लेने के लिए भेजा था, लेकिन वह एयरपोर्ट नहीं पहुंचा। ड्राइवर का इंतजार कर बच्चे खुद ही टैक्सी लेकर घर पहुंच गए। बुधवार की रात को ड्राइवर की लोकेशन दिल्ली के रामपुरा में शालीमार बाग के पास मिली, जहां पर सुरेंद्र की बहन रहती है। उसके बारे में जानने के लिए वहां संपर्क किया लेकिन उनके परिवार से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। 24 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजकर 44 मिनट पर उसके पेटीएम खाते से मुरथल टोल प्लाजा का टोल टैक्स कटा। चालक सुरेंद्र गाड़ी लेकर टोल प्लाजा से तो निकला लेकिन वह उनके घर नहीं लौटा। उन्होंने कॉल किया लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, ड्राइवर की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी