पानीपत। सरकार ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय पर काम करवाने के लिए ह्यू यानी हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल लांच किया है। इससे अब सरकार हर विभाग के हर विकास कार्य को मॉनिटर कर सकेगी। जिसमें एस्टीमेट से लेकर टेंडर की बिलिंग तक पर नजर रखी जाएगी। खास बात ये रहेगी कि इस पोर्टल पर काम करने वाली एजेंसी और ठेकेदार का ऑटोमेटिक रिपोर्ट कार्ड तैैयार होगा। जिसमें एजेंसी और ठेकेदारों को उनकी ओर से किए गए काम की समय सीमा और गुणवत्ता को भी अपलोड किया जाएगा। जिसके आधार पर इनकी परफोरमेंस बनेगी। जिसके आधार पर इनको अंक भी मिलेंगे।
जो एजेंसी समय पर काम नहीं करेगी या काम मेें गुणवत्ता नहीं होगी तो उसका प्रदर्शन कम आंका जाएगा। जिस पर उसे कम अंक दिए जाएंगे। इसके बाद ये ही अंक फैसला करेंगे कि संबंधित ठेकेदार या एजेंसी को भविष्य में टेंडर दिया जा सकता है या नहीं। अगर अंक कम हुए तो भविष्य में उन्हें मिलने वाले टेंडर से वंचित रहना पड़ सकता है। वहीं, समय पर और गुणवत्तापूर्वक काम करने पर एक करोड़ रुपये तक के सही विकास कार्यों करने वाली एजेंसी को आगामी टेंडरों में प्राथमिकता भी दी जाएगी।
समय का भी रहेगा पूरा रिकॉर्ड
इस पोर्टल पर जब ठेकेदार काम शुरू करेगा और जब काम समाप्त होगा हर एक तिथि को दर्शाया जाएगा। जो तिथियां टेंडर में होंगी उन्हीं के अनुरूप काम करना होगा। जब ठेकेदारों की ओर से बिल जमा करवाए जाएंगे अधिकारी इन्हें चेक करेंगे। इन बिलों को पासा करना है या फेल तक की जानकारी, तिथि और कारण तक को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। वहीं, सही काम करने वाली एजेंसी और ठेकेदारों को काम पूरा होने के बाद एक माह के भीतर भुगतान करने का भी प्रावधान दिया गया है।
हर विभाग का डैशबोर्ड सरकार के पास
इस पोर्टल के माध्यम से सरकार हर विभाग का डैशबोर्ड मुख्यालय से देख सकेगी। जिसमें हर विभाग के कितने विकास कार्यों के कितने एस्टीमेट बनाए गए हैं, कौन से एस्टीमेट की क्या स्थिति है और उनमें देरी क्यों की जा रही है आदि की जानकारी भी रहेगी। इस पोर्टल पर सभी एजेंसियों को पूरा रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा, जो उनकी क्षमता और प्रदर्शन को दर्शाएगा।
निगम के कनिष्ठ अभियंता अजय छौक्कर ने बताया कि सरकार ने विकास कार्यों को गुणवत्ता पूर्वक और समय पर करवाने के लिए इस पोर्टल की शुरुआत की है। इससे पूरी टेंडर प्रक्रिया पेपरलैस होगी और पारदर्शिता के साथ होगी। इसमें एजेंसियों का उनके काम के आधार पर रिपोर्ट कार्ड भी तैैयार किया जाएगा।