यूजी में दाखिले के लिए डीएचई की ओर से मंगलवार को दूसरी कटऑफ लिस्ट जारी की जानी थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। दाखिले की आस देख रहे विद्यार्थियों को निराशा हाथ लगी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि बुधवार को दूसरी कटऑफ लिस्ट जारी हो सकती है। दिनभर कॉलेजों में जाकर इंतजार करने के बाद जब शाम चार बजे तक भी लिस्ट नहीं आई तो विद्यार्थी अपने घर लौट गए। कॉलेज के प्राध्यापकों का कहना है कि लिस्ट में नाम देखने के लिए सुबह 9 बजे से ही विद्यार्थी आना शुरू हो गए थे। वहीं पहली कटऑफ लिस्ट भी निर्धारित दिन पर जारी नहीं हो सकी थी। हालांकि कॉलेजों को यह जानकारी नहीं है कि दूसरी कटऑफ लिस्ट मंगलवार को क्यों जारी नहीं हो सकी है।
पहली लिस्ट के दाखिले पूरे हो जाने के बाद दूसरी कटऑफ लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों के पास 25 सितंबर तक ऑनलाइन या ऑफलाइन मोड में फीस जमा कराने का समय है। एक दिन बेकार चले जाने पर अब विद्यार्थियों के पास फीस जमा कराने के लिए चार दिन ही बचेंगे। यह भी भय बना है कि अगर बुधवार को भी दूसरी कटऑफ लिस्ट जारी नहीं की गई तो तीन दिन में सभी विद्यार्थियों को फीस जमा कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
दूसरी कटऑफ आने के बाद होगी ओपन काउंसलिंग
दूसरी कटऑफ के आधार पर दाखिले पूरे होने के बाद बाकी की सीट पर ओपन काउंसलिंग की जाएगी। इससे पहले जिले के 14 राजकीय, एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की 10 हजार 860 सीटों पर दाखिले के लिए करीब 14 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। विभाग ने पहली मेरिट लिस्ट 11 सितंबर को जारी की थी, लेकिन खामी रह जाने के बाद विभाग को 13 सितंबर को फिर से संशोधित कटऑफ लिस्ट जारी करनी पड़ी थी।
मंगलवार को दूसरी कटऑफ लिस्ट नहीं जारी हुई जो बुधवार को जारी की जाएगी। लिस्ट लगने के बाद कॉलेज में आकर या ऑनलाइन पोर्टल पर विद्यार्थी लिस्ट में अपना नाम देख सकेंगे।
- जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य पीजी कॉलेज