पानीपत। वार्ड आठ के अंर्तगत आने वाले इलाके में पानी निकासी की समस्या को खत्म करने के लिए निगम ने 23.12 लाख से स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन का टेंडर लगाया है। इसमें सनौली रोड से लेकर अमर भवन चौक तक अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस पाइपलाइन के माध्यम से बरसाती पानी निकल सकेगा।
अमर भवन चौक पर जल निकासी की समस्या से परेशान लोग अपने घरों के बाहर मकान बेचने तक के पोस्टर तक लगा चुके हैं। इसके बाद शहर विधायक यहां का दौरा कर चुके हैं। अधिकारियों का मानना है कि पाइपलाइन से निकासी में काफी मदद मिलेगी। इसके अलावा निगम ने वार्ड नंबर 21 में न्यू मॉडल टाउन और राजपूत कॉलोनी में आईपीबी स्ट्रीट के लिए 30 लाख रुपये का टेंडर, वार्ड नंबर 23 में सड़क के लिए 40.60 लाख, वार्ड नंबर 21 में 35.94 लाख से गली, वार्ड नंबर 21 में 52.53 लाख से सड़क, वार्ड तीन में 30 लाख से सड़क, वार्ड चार में 52.87 लाख से रोड, वार्ड सात में 35.80 लाख से सड़क मरम्मत, वार्ड आठ में 35.80 लाख से नाला और सड़क, इसी वार्ड में 39.20 लाख से ड्रेन और सड़क, 11.30 लाख से सड़क, 25.26 लाख से एक अन्य सड़क, वार्ड 14 में 66.91 लाख से सड़क, वार्ड सात में 21.79 लाख से सड़क, वार्ड 26 में 10 लाख से कंक्रीट की कुर्सियों का टेंडर लगाया है। इस बारे मेें निगम के एक्सईएन नवीन सहरावत का कहना है कि शहरी विकास कार्यों का काम लगातार जारी है। निगम ने कई टेंडर रविवार को लगाए हैं। बाकी पर काम जारी है।