इसराना। खेल विभाग द्वारा राज्य स्तरीय कुश्ती दंगल की तारीख में कुछ बदलाव किया गया है। 11 से 13 जून को पंचकूला में होने वाला दंगल स्थगित कर दिया है। यह अब 21 से 23 जून को पंचकूला में किया जाएगा। पहलवानों ने इसके लिए तैयारी तेज कर दी है।
जिले में तीन जून को जिला कुश्ती दंगल और जिला कुमार व जिला केसरी कराया गया था। जिसमें 200 पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। जिला कुमार बिंझौल गांव के सुमित और जिला कुमारी पट्टीकल्याणा गांव की तमन्ना बनी थी। तमन्ना ने लगातार दूसरी बार जिला कुमारी का पदक जीता है। इनको राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना था। सुमित ने बताया कि वह प्रदेश स्तरीय दंगल के लिए सुबह व शाम को दोनों समय अभ्यास कर रहा है। उसको प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में पदक की उम्मीद है। तमन्ना ने बताया कि वह प्रदेश स्तरीय दंगल के लिए पूरी मेहनत कर रही है। गर्मी के मौसम में भी अपनी मेहनत कर रही हैं। कुश्ती कोच अनुज जागलान ने बताया कि राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 11 से 13 जून को कराई जानी थी। इसको अब 21 से 23 कर दिया है। सभी पहलवानों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है।
बॉक्स
जिले के ये पहलवान लेंगे भाग
जिला कुमार फ्री स्टाइल में विजेता बिंझाैल के सुमित और उप विजेता चुलकाना के सन्नी भाग लेंगे। जिला केसरी फ्री स्टाइल में रिसालू के अतुल और डिकाडला के सिकंदर शामिल होंगे। जिला केसरी ग्रीको रोमन में पानीपत के नितेश और ग्वालड़ा के अंकुश भाग लेंगे। जिला कुमार ग्रीको रोमन में रिसालू गांव के आर्य मलिक और मांडी गांव के हरजीत शामिल होंगे। जिला केसरी महिला में इसराना की राधिक और सींक की अंशु व जिला कुमारी में पट्टीकल्याणा की तमन्ना प्रथम और ग्वालड़ा की काफी भाग लेंगी। खिलाड़ियों ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना भी एक पहलवान की उपलब्धि है।