समालखा। बिजली का ट्रांसफार्मर जलने से समालखा रेलवे लाइन पार की राजीव काॅलोनी वासी पिछले दो दिन से अंधेरे में हैं। ऐसे में लोग गर्मी में बेहाल हो गए हैं।
काॅलोनीवासी सोमवार को इकट्ठे होकर बिजली कार्यालय पहुंचे ओर बिजली सप्लाई बहाल करने की अधिकारियों को गुहार लगाई। काॅलोनीवासी सुभाष, कुलदीप, देवेंद्र, खुशी राम, पवन, हरिओम, बाली व काला ने बताया कि लाइन पार नरायणा रोड पर 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर है। जिस पर करीब 200 घरों में बिजली सप्लाई हो रही है। जिस कारण ट्रांसफार्मर ओवरलोड व गर्मी के कारण बार बार फ्यूज उड़ा देता है। पिछले दो दिन से घरों में लाइट नहीं है। बिजली न होने से पीने के पानी भी नहीं आ रहा है। इतनी भयंकर गर्मी में बिना बिजली पानी के लोगों का बुरा हाल है।
लोगों ने जेई से कॉलोनी में एक और ट्रांसफार्मर रखने और इस 63 केवी की जगह 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर रखने की मांग की। जेई कुलदीप सिंह ने काॅलोनीवासियों को शाम तक बिजली सप्लाई चालू करने और दूसरे ट्रांसफार्मर का एस्टीमेट बनाकर समस्या का स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया।