पानीपत। हनुमान कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाना फूफा को महंगा पड़ गया। आरोपी पति ने फूफा पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। भुक्तभोगी ने आरोपी के खिलाफ किला थाने की पुलिस को शिकायत दी है।
हनुमान कॉलोनी निवासी छोटेलाल ने बताया कि उसके साले की लड़की भावना की शादी दो वर्ष पहले अर्जुन नगर निवासी रवि के साथ हुई थी। गत माह से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इससे भावना अब मायके में अपने पिता के साथ हनुमान कॉलोनी में रह रही है। 10 मई को शाम सात बजे वह साले के घर आया था। भावना और उसके पति रवि बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच रवि तैश में आ गया, उसने समझाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके गले और हाथ पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। उसने सामान्य अस्पताल में पहुंचकर इलाज कराया और पुलिस को शिकायत दी, जिस शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।