पानीपत। करनाल में चार आतंकी पकड़े जाने के बाद प्रदेश भर में अलर्ट है। इसी के मद्देनजर पानीपत पुलिस ने मधुबन से आए बम निरोधक दस्ते के साथ तीन घंटे सर्च अभियान चलाया। कोर्ट परिसर, बस स्टैंड सहित कलंदर पीर के आसपास बाजारों में जांच की गई। मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉयड की मदद से जांच की।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि पुलिस अलर्ट है। इसी के चलते मधुबन से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया था। टीम इंचार्ज सीनियर साइंटिफिक अधिकारी सतीश देशवाल ने टीम के साथ अभियान चलाया। लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही एक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें सुरक्षा शाखा इंचार्ज प्रमोद कुमार को टीम इंचार्ज और एएसआई राजेश, ईएचसी मनोज कुमार, ईएचसी विक्रम और मनोज कुमार को सिक्योरिटी एसिस्टटेंट बनाया गया है।
सुबह 10:00 बजे : कोर्ट परिसर
बम निरोधक टीम सबसे पहले पानीपत कोर्ट परिसर पहुंची। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के ऑफिस के सामने केबिन से लेकर पूरे परिसर की जांच की। कोर्ट परिसर की पार्किंग में खड़ी बाइकों की मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉयड के जरिए जांच की। पेड़-पौधों को भी जांचा गया।
सुबह 11:35 बजे : बस स्टैंड
कोर्ट परिसर से निकलते ही दूसरे नंबर पर टीम सीधा बस स्टैंड पहुंची। बसों में जाकर सवारियों के सामान की जांच की। वेटिंग एरिया में बैठे लोगों के सामान की भी जांच की। बस स्टैंड के अंदर खंडहर हो चुके बूथ को भी खंगाला गया।
दोपहर 12:25 बजे : कलंदर पीर दरगाह
तीसरे नंबर पर टीम कलंदर पीर परिसर में पहुंची। मुख्य द्वार पर स्थित दुकानों के बाहर रखे सामान की जांच की गई। टीम ने इस प्रक्रिया के दौरान लोगों को जागरूक किया। इस दौरान थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार, थाना किला प्रभारी इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन और सुरक्षा शाखा इंचार्ज प्रमोम भी उपस्थित रहें।