पानीपत। तहसील कैंप पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : Panipat
पानीपत। तहसील कैंप के रमेश नगर में स्कूटी सवार युवक का रास्ता रोक कर मारपीट करने व चाकू गोद कर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे छह आरोपियों को तहसील कैंप थाना पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार देर शाम स्काई लार्क के पास से काबू किया है। शनिवार को सभी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से पांच को जेल और एक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
तहसील कैंप थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान अशोक विहार निवासी इमरान, शादाब, तौसीफ, सादिक, दीनानाथ कॉलोनी निवासी साहिल और डाबर कॉलोनी निवासी जूनेद उर्फ गुड्डू के रूप में हुई। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए ठिकाने बदल-बदल कर रह रहे थे। शुक्रवार देर शाम उन्हें पुलिस ने दबोच लिया।
यह था मामला : रमेश नगर निवासी सुहेल ने 19 फरवरी को दी शिकायत में बताया था कि बरसत रोड पर एक अस्पताल में काम करता है। उसकी करीब 15 दिन पहले गुड्डू के भाई के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस रंजिश में वह स्कूटी पर सवार होकर 16 फरवरी की देर शाम देशराज कालोनी से रमेश नगर में अपने घर जा रहा था तो रास्ते में जूनेद उर्फ गुडडू, गौरव, इमरान, साहिल, शादाब, तौसीफ ने रास्ता रोकर उसकी स्कूटी रुकवा कर मारपीट शुरू कर दी। आरोपी गौरव ने हाथ में लिया चाकू पेट में घोंप दिया। वह खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिरा तो आरोपी फरार हो गए।