अंबाला सिटी। मोती नगर स्थित श्री कबीर जन कल्याण सेवाश्रम नगर खेड़ा में चल रही श्री शिवमहापुराण सप्ताह अमर कथा कार्यक्रम का भव्य समापन किया गया।
इस दौरान सर्वप्रथम व्यास गद्दी पर विराजे श्री शिवमहापुराण का विधिवत पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण कर भक्तजन राज कुमार शर्मा, कुसुम लता शर्मा, रामचंद चौहान, सुभाष शर्मा, चरणसखी शर्मा, ऊषा बंसल, रजनीश गुप्ता, सीप गुप्ता, उषा सूद, रामप्रसाद तिवारी, तीर्थराज शुक्ला और शिवशंकर चौरसिया, मनोज शर्मा की ओर से पूजन किया गया।
मौके पर विशेष तौर पर नगरनिगम मेयर शक्तिरानी शर्मा व उनके साथ पहुंची स्थानीय वार्ड पार्षद राजिन्द्र कौर ने भी व्यास पूजन में श्रद्धापूर्वक भाग लिया। वहीं कथा व्यास आचार्य सनातन चैतन्य महाराज द्वारा मेयर व पार्षद को शॉल भेंटकर उनको भगवान शिव का स्मृति चिह्न प्रसाद प्रदान कर सम्मानित किया। समापन कार्यक्रम में सुबह आठ बजे विधिवत हवन का कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें भारी संख्या में उपस्थित श्री शिव भक्तों ने भाग लिया। तत्पश्चात सत्संग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इसमें चैतन्य महाराज की ओर से सुंदर-सुंदर भजन प्रस्तुत किए गए, वहीं भजन गायक धनश्याम रतन व लता मलिक ने भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर पं. प्रेमनाथ मिश्रा, रविन्द्र नाथ तिवारी, यशमति डिम्पल रतन, मस्टर मदन गोपाल शर्मा सहित अन्य समाजसेवी सदस्यों ने कथा व्यास आचार्य सनातन चैतन्य महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अपने विचार सांझा किए। इस दौरान व्यास पीठ से कथा व्यास आचार्य द्वारा सभी कथा के सेवादारों व शिव प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्मृति प्रसाद देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में उपस्थित भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।