मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को प्रदेश को करीब 1400 करोड़ की लागत से 163 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें पानीपत की 7 परियोजनाएं शामिल रहीं, जिन पर 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लघु सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के इन परियोजनाओं का शुुुभारंभ किया गया। इस दौरान पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा और शहरी विधायक प्रमोद विज मौजूद रहे।
विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि इन परियोजनाओं से विकास को नई गति मिलेगी। आमजन की समस्याओं का हल होगा। पीने के पानी से लेकर ड्रेन नंबर-2 से संबंधित योजनाएं भविष्य में तैयार होंगी। पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने जिले को सौगात दी है, इससे विकास की नई राह खुलेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समान विकास की दृष्टि से सबको साथ लेकर विकास कार्य करा रहे हैं।
इस मौके पर उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम स्वप्निल पाटिल, नगराधीश रविंद्र मलिक, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता जेएस नारा, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता शिवराज सिंह, जिला खेल अधिकारी राज यादव, डीआईओ मुकेश चावला, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता सुनील शर्मा, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता सतपाल सिंह, कनिष्ठ अभियंता समालखा कुलदीप सिंह, पार्षद रविंद्र भाटिया और जेजेपी के जिला अध्यक्ष सुरेश काला मौजूद रहे।
संजय चौक से लेकर नहर तक मार्ग को फोर लेन लिया जाएगा। पानीपत से डबवाली तक हाईवे को फोर लेन किया जाएगा। गढ़ी छाजू में 33 केवी सबस्टेशन बनने से जौरासी, गढ़ी छाजू, पावटी, करहंस इत्यादि गांव के 5400 घरेलु और 866 कृषि उपभोक्ताओं को इसका फायदा मिलेगा। गांव वैसर और भालसी में खेल स्टेडियम, सड़क को फोर लेन करने, बापौली, चुलकाना और राणामाजरा में जल आपूर्ति और सीवरेज से संबंधित विकासकार्यों का शुभारंभ किया गया।