समालखा। चुलकाना रोड स्थित शराब की फैक्टरी के प्रोडक्शन मैनेजर पर हुए हमले में पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किए गए तीन डंडे, तीन मोबाइल, दो बाइक व एक झपटी गई एक सोने की चेन बरामद की।
इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि सीआईए-थ्री पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की थी। मंगलवार शाम टीम को आरोपियों के समालखा चुलकाना रोड पर वार्ड-15 के एक मकान में छिपे होने की सूचना मिली। दबिश देते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन निवासी किवाना, भूरा निवासी हथवाला, सुरेंद्र निवासी प्रीतमपुरा, समालखा, गौरव निवासी हथवाला, उदयवीर निवासी कृष्णा कालोनी, मनीष निवासी गांव मतरौली के रूप में हुई।
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियो ने बताया कि अमन निवासी किवाना शराब फैक्टरी में काम करता है। काम में लापरवाही पर प्रोडक्शन मैनेजर पंकज उसको टोक देता था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 20 नवंबर की देर शाम प्रोडक्शन मैनेजर पंकज का चुलकाना पुल पर रास्ता रोककर मारपीट कर मौके से फरार हो गए।