पानीपत। सीआईए-1 ने चेन स्नेचिंग की वारदात अंजाम देने वाले जेल में बंद दो आरेापियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया। पूछताछ में उन्होंने दो वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने दोनों चेन को एक राहगीर को बेच दिया था। आरोपियों से 67,700 रुपये बरामद कर उन्हेें बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि पानीपत जेल में बंद चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी सूरज और कुलवंत निवासी अर्जुन नगर को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया। पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर उन्हें लिया था। आरोपियों ने अक्तूबर में जाटल रोड पर अलग-अलग स्थानों से दो महिलाओं के गले से चेन स्नेचिंग का खुलासा किया। आरोपियों के खिलाफ थाना चांदनी बाग और थाना शहर में रिपोर्ट दर्ज हैं।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
दोनों आरोपियों ने 15 अक्तूबर को जाटल रोड फ्लाईओवर पुल के पास पति के साथ एक्टिवा पर जा रही अल्का पत्नी आनंद निवासी कच्चा कैंप के गले से झपटा मारकर सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम दिया था। थाना चांदनी बाग में आनंद की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। आरोपियों से 34,500 रुपये बरामद किए गए।
आरोपियों ने 11 अक्तूबर को पॉलीवाल गली नजदीक जाटल रोड के पास स्कूटी सवार महिला हिना पत्नी पंकज निवासी सेठी चौक पानीपत के गले से झपटा मारकर सोने की चेन झपट ली थी। थाना शहर में हिना की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। आरोपियों से 33,200 रुपये बरामद किए गए।