पानीपत। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 का आगाज हो गया है। इसके चलते मंगलवार को सीनियर डिप्टी मेयर ने शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। सबसे ज्यादा बदहाल सार्वजनिक शौचालय मिले। हर महीने लाखों खर्च के बाद भी यहां पर बदबू और गंदगी मुंह चिढ़ा रही थी। निकासी ठप होने से शौचालय के सामने गंदगी जमा होती मिली। यह देख नाराज सीनियर डिप्टी मेयर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीरता से काम कराएं। लापरवाही कर रही एजेंसी को काली सूची में डालें।
उन्होंने वार्ड-25 और 26 में निकासी के नाले का निरीक्षण किया। नाला जाम मिला। गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा था। यह देख उन्होंने सफाई शाखा के अधिकारियों को बुलाकर समाधान करने के निर्देश दिए। पुराना औद्योगिक क्षेत्र में डाई हाउस का पानी सड़क पर जमा मिला। प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों को समस्या हल करने का निर्देश दिया। काबड़ी रोड पर सार्वजनिक शौचालय की निकासी न होने से सड़क पर जमा हो रही गंदगी की समस्या स्थानीय लोगों ने रखी। लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार को कई बार टोका जा चुका है, लेकिन वह लापरवाही बरत रहा है।
एक साल से नहीं पानी, टूटी मिली सीट
हाली पार्क शौचालय की महिला कर्मचारी ने बताया कि एक साल से वहां पानी ही नहीं है। ठेकेदार उन्हें पांच हजार रुपये महीना मेहनताना देने की बात कहता है, जोकि एक साल से मिला भी नहीं है। यहां पर कमोड की सीट भी टूटी मिली। महिला कर्मी ने बताया कि वह बाल्टी से पानी डालकर शौचालय साफ करती है।
सर्वेक्षण को लेकर बढ़ाया टेंडर, फिर भी नहीं सफाई:
निगम अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर सफाई के टेंडर को बढाया गया था। इसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये महीना बताई जा रही है। इसमें निगम के सार्वजनिक शौचालयों को साफ किया जाना होता है। इसके बावजूद सफाई नहीं मिली।
ब्लैकलिस्ट करवाएंगे एजेंसी
शहर के सार्वजनिक शौचालय बेहद गंदे और खस्ताहाल मिले। निगम एजेंसी को सफाई करने का भुगतान कर रहा है। लापरवाही बरत रही एजेंसी का टेंडर रद्द किया जाएगा। कंपनी भी ब्लैकलिस्ट कराई जाएगी। ।
दुष्यंत भट्ट, सीनियर डिप्टी मेयर, पानीपत।
पानीपत। काबड़ी रोड पर स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरक्षण करते हुए सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्- फोटो : Panipat
पानीपत। हरि नगर के पास नाला हुआ ओवरफ्लो को नगर निगम के अधिकारी को दिखाते हुए सीनियर डिप्टी मेयर द?- फोटो : Panipat
पानीपत। हाली पार्क के पास सार्वजनिक शौचायल में पड़ी गंदगी।- फोटो : Panipat