पानीपत। भैंसवाल मोड़ के पास एक स्कूटी सवार युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसा मंगलवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। तहसील कैंप थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
मूल रूप से यूपी के सहजानपुर के गांव त्रिलोकापुर निवासी सुरजीत पुत्र रामरत्न ने बताया कि वह हाल में पानीपत में नूरवाला में ईश्वर के मकान में किराए पर रहता है। वह अपने भाई कौशल के साथ भैंसवाल मोड के पास कपड़े छंटाई का काम करता है। जबकि तीसरा भाई रामस्वरूप चिनाई का काम करता है। कौशल मंगलवार दोपहर करीब एक बजे स्कूटी पर सवार होकर खाना खाने के लिए नूरवाला कमरे पर जा रहा था। वह भी भाई के साथ कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए आया था। वह भैंसवाल मोड पर उतर गया। कौशल नूरवाला की तरफ जाने लगा तो पीछे से एक ट्रक चालक तेज रफ्तार में आया और उसने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर गलते ही भाई सड़क पर जा गिरा। वह दौड़कर भाई के पास पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो चुका था। वह भाई को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।