पानीपत। स्कूल अपग्रेड हाने पर बच्चों को लड्डू बाटंते हुए।
- फोटो : Panipat
थर्मल। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के गांव खंडरा का सरकारी स्कूल अब 12वीं कक्षा तक हो गया है। अभी तक यह सिर्फ आठवीं तक ही था। स्कूल अपग्रेड होने की खुशी में शनिवार को ग्रामीणों ने स्कूल में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को लड्डू बांटे। उनका मुंह मीठा कराया।
गांव के निवर्तमान सरपंच शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गांव वासियों की मांग पर सरकार ने स्कूल को 12वीं कक्षा तक किया है। सभी ग्रमीण मुख्यमंत्री मनोहरलाल और शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर का धन्यवाद देते हैं। अब गांव खंडरा, बाल जट्टान और थिराना की बेटियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूर नहीं जाना होगा। गांव में ही शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी। खंड शिक्षा अधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि स्कूल को मॉडल संस्कृति बनाने के लिए भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। शासन से अनुमति मिलते ही स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध कर माडल संस्कृति बनाया जाएगा।
स्कूल इंचार्ज सोमवती ने गांव के स्कूल में ज्यादा से ज्यादा बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए ग्रमीणों से अपील की। इस अवसर पर विनोद शर्मा, गुलाब सिंह, देवी सिंह, रोशन लाल, सुनीता, सुरेश बांगड़ व रविकांत आदि मौजूद रहे।