शुक्रवार देर रात गांव डाहर के पास एक पेट्रोल पंप पर तीन नकाबपोशों ने सेल्समैन से मारपीट कर पिस्तौल की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। सेल्समैन की जेब से दो हजार और पंप के गल्ले से 12 हजार रुपये नकद लेकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव भंडारी निवासी रमेश ने बताया कि वह और उसका साथी अनिल गांव डाहर के पास कपिल फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन हैं। शुक्रवार की देर रात करीब ढाई बजे तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आए और सेल्समैन अनिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। पिस्तौल की नोक पर उसकी जेब से दो हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा बदमाश पंप के कार्यालय में घुस गए और गल्ले से 12 हजार रुपये लूट लिए।