पानीपत। गुजरात के नवलखी पोर्ट से कोयला लोड कर पानीपत आए ट्रक के चालक से स्कूटी सवार दो हथियार बंद बदमाशों ने वीरवार की रात लूट की। उससे चार हजार रुपये नकद समेत पर्स में रखे अन्य जरूरी दस्तावेज लूट किए गए। चालक की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह कन्हैयालाल यादव के ट्रक पर चालक है। गत 20 दिसंबर को गुजरात के नवलखी पोर्ट से कोयला लोड किया था और पानीपत में डिलीवरी करनी थी। उसके साथ हेल्पर के तौर राजस्थान के बुंदी निवासी उसका साला अनिल भी था। वीरवार की रात बजाज धर्म कांटा के पास फैक्टरी में कोयले को अनलोड किया। ट्रक का वजन कराया और टॉयलेट के लिए कुछ दूरी पर चला गया।
लौटने पर दो युवक गोल चक्कर की ओर से आए और उसके पास स्कूटी रोकर दूध वाले का रास्ता पूछा। शहर में नया होने पर एक युवक ने कनपटी पर पिस्तौल तान दी। उसका पर्स लूट लिया। इसके बाद स्कूटी चालक ने उसे थप्पड़ मारा और फरार हो गया। स्कूटी पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पर्स में चार हजार रुपये नकद, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड एवं अन्य कागजात थे। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।