समालखा। गांव मनाना में सात वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोपी के परिजन शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ गृहमंत्री अनिल विज से मिलने अंबाला पहुंचे, लेकिन मंत्री उन्हें नहीं मिल पाए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस प्रवीन को गलत तरीके से मामले में फंसा रही है, वहीं मृतका के परिजनों का कहना है कि वो पुलिस कारवाई से संतुष्ट हैं और आरोपी को फांसी के फंदे पर लटकाना चाहिए।
गांव मनाना के कंडी माता मंदिर में आयोजित मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के दौरान सात वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। दो दिन बाद उसका शव गांव के ही पावर हाउस के सामने झाड़ियों में मिला था। पुलिस ने आरोपी को पकडने लिए दो लाख का इनाम भी घोषित किया था। साथ ही इसराना व समालखा से विधायकों ने इस मामले को विधानसभा में भी उठाया था। मंगलवार को पुलिस ने खुलासा करते गांव के ही प्रवीन को बच्ची की हत्या के आरोपी में गिरफ्तार किया था।
पकड़े गए आरोपी प्रवीन के परिजन व ग्रामीण अंबाला पहुंचे लेकिन गृहमंत्री अनिल विज के न मिलने की वजह से उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों का कहना था कि उसे साजिश के तहत फंसाया गया है। पुलिस मनगढ़ंत कहानी बना रही है। उन्होंने कहा कि गरीब होने के कारण उन्हें फंसाया जा रहा है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि निर्दोष को सजा न हो पाए।