ड्रेन नंबर-वन के एक किनारे पर पक्की सड़क बनाई जाएगी और यहां से कब्जों को हटवाया जाएगा। ड्रेन पर सड़क बनाने पर करीब चार करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
इस परियोजना को चार चरणों में मूर्त रूप दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे शहर और यहां के लोगों की जरूरत मानते हुए प्रथम चरण में 25 लाख रुपये की स्वीकृति भी दे दी है।
शहर की ड्रीम लाइन ड्रेन नंबर वन को पक्का करने के लिए पिछले महीने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसकी आधारशिला रखी थी और उसके बाद इसको पक्का करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
ड्रेन नंबर वन पर जीटी रोड से लेकर सनौली रोड बबैल नाके तक सड़क की दरकार थी और पहले एक बार योजना में इसको शामिल किया गया था, लेकिन योजना को बदल दिया गया था। ड्रेन नंबर को पक्का करने का काम चलने के साथ ही इसके सड़क बनाने का भी रास्ता खुल गया।
इन कालोनियों को मिलेगा फायदा
सिंचाई विभाग के अधिकारियों की मानें तो इससे देवी मंदिर, राजीव कालोनी, लोधी मकबरा रोड, कुटानी रोड, सैनी कालोनी, नूरवाला, देसराज कालोनी, ग्रीन पार्क के साथ सनौली रोड तक पहुंचेगी।
इसके बाद शहर की कई कालोनियों के साथ सनौली रोड पर आने-जाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। वे जीटी रोड पर आसनी से आ जा सकेंगे। वहीं, दूसरी तरफ शहर में जीटी रोड समेत अन्य मुख्य मार्गों पर हर समय लगने वाले जाम से भी कुछ राहत मिलेगी।
पंद्रह फुट चौड़ी होगी सड़क
ड्रेन नंबर वन के साथ बनने वाली सड़क की चौड़ाई 15 फीट रखी जाएगी। इसके बाद सड़क से दो गाड़ियां आराम से निकल सकेंगी।
इसके अलावा कई जगह इसकी चौड़ाई को कम भी किया जा सकता है। यहां पर जगह की उपलब्धता को देखा जाएगा। नगराधीश हवा सिंह की देखरेख में इसकी पैमाइश पहले ही करवाई जा चुकी है।
तीसरी एजेंसी से होगी जांच
प्रशासनिक अधिकारी ड्रेन नंबर वन पर बनने वाली सड़क को अच्छी गुणवत्ता का देखना चाहते हैं। इसके लिए सड़क पर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री डाली जाएगी।
यहीं नहीं, इसकी तीसरी एजेंसी से भी जांच कराई जाएगी। ड्रेन नंबर वन की सड़क का टेंडर जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद काम शुरू हो जाएगा।
नाली और क्रॉस बैरियर भी बनाए जाएंगे
सर्कस मैदान से लेकर सनौली रोड तक की लंबाई करीब चार हजार मीटर है। इसको चार चरणों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में एक हजार मीटर लंबाई को लिया गया है।
इस पूरी सड़क के एक तरफ नाली बनाई जाएगी और यहां पर क्रॉस बैरियर बनाए जाएंगे। यहीं नहीं, सड़क के एक तरफ पर्यावरण की दृष्टि से जगह आरक्षित रखी जाएगी और यहां पर पौधे लगाए जाएंगे।
उपायुक्त ने किया मौका मुआयना
उपायुक्त अजीत बालाजी जोशी ने ड्रेन नंबर-वन पर सड़क बनाने के विकल्प के लिए मौका मुआयना किया। उन्होंने सिंचाई और अन्य विभागों के अधिकारियों को ड्रेन पर किए गए कब्जों का हटवाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीटीएम हवा सिंह, जीएम रोडवेज सुलतान सिंह, सिंचाई विभाग के एक्सईएन आजाद सिंह लठवाल, एसडीओ राजीव, जितेंद्र सिंह व हरीश कुमार मौजूद रहे।