ऑल हरियाणा पॉवर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के बैनर तले बिजली कर्मियों ने मांगों को लेकर वर्क सस्पेंड कर एक्सईएन सिटी कार्यालय के सामने जमकर बवाल काटा।
करीब दो घंटे तक वर्क सस्पेंड रहने से उपभोक्ताओें को खासी परेशानी हुई। कर्मचारियोें ने चेतावनी दी कि जल्दी ही मांगें पूरी नहीं हुई तो 20 मई को फिर हड़ताल होगी।
गोहाना रोड स्थित पॉवर हाउस कार्यालय मेें मंगलवार को ऑल हरियाणा पॉवर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसकी अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान जितेंद्र सैनी और मंच संचालन भले राम शर्मा ने किया।
बिजली कर्मचारी अपने कार्यालयों से बाहर निकलकर सिटी एक्सईएन कार्यालय के सामने एकत्रित हो गए। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा। भलेराम शर्मा ने कहा कि सरकार और बिजली निगम लगातार कर्मचारियों की अनदेखी करते आ रहे हैं।
सर्कल सचिव तेजपाल सिंह ने आरोप लगाया कि पानीपत सर्कल में करीब 66 लाख रुपये का ईपीएफ घोटाला है। इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बीते दिनों मांगों को लेकर तीन दिन चली राज्यव्यापी हड़ताल मेें कच्चे कर्मचारियों ने भी भाग लिया था। स्थानीय अधिकारियाें ने हड़ताल में शामिल होने वाले कच्चे कर्मचारियाें का छह दिन का वेतन काट लिया, जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा।
यूनियन ने चेतावनी दी कि जल्दी ही मांगाें को पूरा नहीं किया गया तो 20 मई को उग्र आंदोलन होगा। उन्होंने बताया कि 25 मई को रोहतक में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा आयोजित कन्वेंशन में मांगों को लेकर सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई की रणनीति तैयार की जाएगी। इस अवसर पर राजेंद्र दत्त, ईश्वर शर्मा, सीता राम शर्मा, प्रमोद कुमार, दलेल सिंह और विरेंद्र मौजूद रहे।