फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे ट्रैक पर अंडरपास और दो सब-वे मंजूर

Mon, 03 Aug 2015 11:52 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक पर असंध रोड से सेक्टर-छह के बीच एक अंडर पास और दो सब-वे बनाए जाएंगे।
विज्ञापन


इन अंडर पास और सब-वे के बनने से रेलवे ट्रैक को पार करना और पानी की निकासी आसान हो जाएगी। यहीं नहीं असंध रोड फ्लाईओवर का भी दबाव कम होगा। इसके अलावा पानीपत-जींद रेलमार्ग के दोनों ओर बसी कॉलोनियों समस्या भी हल हो जाएगी।

अधिकारियों ने रेलवे के इंजीनियरिंग विंग के प्रस्ताव पर सहमति जता दी है और इसके लिए अगली बैठक 25 अगस्त को होगी। सोमवार को डीसी आफिस और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
विज्ञापन


इसमें रेलवे अधिकारियों ने डीसी समीर पाल सरो के सामने पूरे मामले को रखा और उनके सामने आने वाली समस्याओं और दिक्कतों से भी अवगत कराया। कॉलोनीवासियों की तरफ से वार्ड-24 पार्षद दुष्यंत भट्ट ने अपनी बात रखी।

रेलवे  के सेक्शन इंजीनियर आरडी कल्याण ने डीसी को बताया कि बिशन स्वरूप कॉलोनी से लेकर वीवर्स कॉलोनी तक नया अंडरपास बनाया जाना है। सैनी कॉलोनी से बिशनस्वरूप कॉलोनी के पुल और सैनी कालोनी से सेक्टर-छह के पुल का सब-वे के रूप में इस्तेमाल किया जाना है।

रेलवे अधिकारियों ने डीसी के सामने जींद-पानीपत रेलवे मार्ग में आने वाली समस्याओं और तकनीकी खामियों को रखा।

उन्होंने इनके समाधान के लिए आगे आने की मांग की। डीसी समीरपाल सरो ने कहा कि पानीपत-जींद रेल मार्ग पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त रूप से दौरा करने की बात रखी। उन्होंने बैठक में उपस्थित नगर निगम एमई और जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

रेलवे अधिकारियों ने सब-वे और अंडरपास बनाने के लिए प्रशासन को मांग सौंपी। ये सब नगर निगम और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित मिली। डीसी समीर पाल सरो ने दोनों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करते हुए टेंडर लगाने के आदेश दिए।

डीसी ने कहा कि इसके लिए अब दोबारा 25 अगस्त को बैठक होगी। इसमें इसकी पूरी प्रगति रिपोर्ट रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे रेलवे की ओर से दी जाने वाली स्वीकृति का पूरा प्रस्ताव तैयार कर लें। सेक्शन इंजीनियर आरडी कल्याण ने डीसी को रेलवे की तरफ से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर एडीसी सुजान  सिंह, पार्षद दुष्यंत भट्ट, जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन रमेश कुमार और  रेलवे सहायक सेक्शन इंजीनियर रजत कुमार भी बैठक में उपस्थित रहे।

असंध रोड से लेकर सेक्टर-छह तक रेलवे ट्रैक के चलते काफी दिक्कत हैं। लाइन पार की कॉलोनियों को पानी निकासी का रास्ता नहीं मिल पाता।

यहां का गंदा पानी ट्रैक के आसपास जमा हो जाता है। इसके लिए कई बार हंगामा हो चुका है। नगर निगम अधिकारी समस्या समाधान का भरोसा भी दे चुके हैं। लेकिन बात रेलवे की जमीन पर आकर अटक जाती है।

लाइन पार नगर निगम के वार्ड-21 से लेकर 24 तक आते हैं। इन वार्डों के निवासियों को कोर्ट या लघु सचिवालय आने के लिए असंध रोड से होकर आना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत वार्ड-24 के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियों के लोगों को होती है।

उनको सौ मीटर के रास्ते को पूरा करने के लिए चार से पांच किलोमीटर का फेर लगाना पड़ता है। पानीपत-अंबाला रेलवे ट्रैक पर अंडरपास और सब-वे बनने के बाद इन वार्डों की कॉलोनियों के लोगों को सीधा रास्ता मिल जाएगा। इससे असंध रोड का ट्रैफिक भी कम होगा।
विज्ञापन


दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक पर अंडरपास और सब-वे बनाया जाना है। रेलवे के तकनीकी अधिकारियों ने पूरे मामले को रखा है। इस तरफ के वार्डवासियों की समस्या समाधान की मांग है। ऐसे में सब-वे और अंडरपास बनाने के प्रस्ताव को मुहर लगा दी है। पानीपत-जींद रेल मार्ग की समस्याओं के समाधान पर भी रिपोर्ट बनाई जा रही है। इसका भी समाधान किया जाएगा।
समीर पाल सरो, डीसी, पानीपत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें