गांव शहरमालपुर शुक्रवार की रात पशु बाड़े में सोते समय करतार सिंह की ईंट मारकर की गई हत्या मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरा पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
इसकी धरपकड़ के लिए पुलिस की टीम छापामारी कर रही है। बापौली थाना प्रभारी सुमित कुमार ने एक प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को गांव शहरमालपुर में किसी व्यक्ति का शव चारपाई पर पड़े होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने जब वहां पर जाकर देगा तो एक चारपाई पर करतार सिंह का शव था। इस पर ईंटों से वार कर चेहरे को कुचलने का प्रयास किया था। उसकी चारपाई आसपास ईंटों के टुकड़े भी बिखरे थे।
पुलिस ने मृतक के बेटे मोहन की शिकायत पर गांव के ही दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मोहन ने शिकायत में बताया कि शुक्रवार को उसके पिता की किसी बात के लिए दो युवकों गुलाब सिंह और जयकुमार उर्फ जाकिर के साथ कहासुनी हो गई थी।
मामला धक्का मुक्की तक पहुंचने पर आसपास के लोगों ने उन्हें शांत कर अपने अपने घर भेज दिया है। पुलिस ने मोहन की शिकायत पर उन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी थी।
पुलिस को दोनो आरोपियों में से एक जयकुमार के बिहोली अड्डा के पास होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उसी वक्त छापामारी कर जयकुमार को गिरफ्तार कर लिया है।